Bihar Tourism : अक्सर लोग सोचते हैं कि घूमने के लिए जेब भारी होना जरूरी है। लेकिन अगर आप स्मार्ट प्लानिंग करें तो कम बजट में भी शानदार ट्रिप की जा सकती है। भारत जैसे देश में जहां हर कोने में देखने और जानने के लिए कुछ नया है, वहां थोड़ी सी रकम भी शानदार यादें बना सकती है। बिहार का राजगीर एक ऐसी ही ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक खूबसूरती से भरी जगह है, जहां आप महज 2000 रुपये में शानदार ट्रिप कर सकते हैं। चाहे आप अकेले ट्रैवलर हों, परिवार के साथ या दोस्तों के साथ, यह ट्रिप हर किसी के लिए यादगार हो सकती है।
इतिहास, संस्कृति और प्रकृति का संगम
राजगीर सिर्फ एक जगह नहीं है, यह इतिहास, संस्कृति और प्रकृति का संगम है जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। बुद्ध, महावीर और सम्राट अशोक की धरती पर पैर रखना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। इस खबर में हम आपको इस खूबसूरत जगह के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ रहने और खाने-पीने की हर तरह की जानकारी देने जा रहे हैं।
ट्रेन से करें सफर की शुरुआत
राजगीर जाने के लिए ट्रेन सबसे अच्छा और बजट फ्रेंडली विकल्प है। देश के किसी भी कोने से आप पटना के लिए ट्रेन ले सकते हैं। चूंकि पटना एक बड़ा रेलवे स्टेशन है, इसलिए यहां से राजगीर के लिए नियमित रूप से ट्रेनें उपलब्ध हैं। पटना से राजगीर तक का सफर करीब 2.5 घंटे का है। अगर आप लोकल ट्रेन से जाते हैं, तो किराया मात्र 30 रुपये प्रति व्यक्ति होगा। अगर आप एक्सप्रेस ट्रेन से जाते हैं, तो इसमें 50-60 रुपये तक का खर्च आ सकता है। इस रूट पर भीड़ कम होती है और सीट मिलने की संभावना अधिक होती है। इसलिए न तो आपको रिजर्वेशन की चिंता करनी पड़ती है और न ही बहुत अधिक पैसे खर्च करने की जरूरत होती है।
निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था
राजगीर में ठहरने की सबसे खास बात यह है कि यहां सरकार द्वारा संचालित एक अस्थायी विश्राम गृह है, जो पूरी तरह से निःशुल्क है। यह सुविधा खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है जो कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं। आप वैतरणी घाट स्थित सम्राट अशोक भवन में ठहर सकते हैं। यह एक साफ-सुथरी जगह है। आपको यहां कुछ घंटे रुकने की अनुमति है। इसके साथ ही नि:शुल्क भोजन और दैनिक जरूरतों के लिए बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
यहां से करें अपनी यात्रा की शुरुआत
अगर आप सुबह 8 बजे के आसपास राजगीर घूमने के लिए तैयार हैं, तो आप पूरे दिन में कई जगहों पर जा सकते हैं। सबसे पहले आप पांडु पोखर जा सकते हैं। यहां प्रवेश शुल्क 20 रुपये प्रति व्यक्ति है। ऐसा माना जाता है कि पांडवों ने यहीं स्नान किया था।
विश्व शांति स्तूप का नजारा
पाडु पोखर के बाद आप विश्व शांति स्तूप जा सकते हैं। यह जगह राजगीर की सबसे प्रसिद्ध और पवित्र जगहों में से एक है। आप यहां पैदल भी आ सकते हैं। यहां आपको रास्ते में शंखलिपि में लिखी भाषा, प्राचीन प्रतीक और ऐतिहासिक स्थल देखने को मिलते हैं। यहां आपको ट्रैकिंग का अनुभव मिलेगा। यह बिल्कुल मुफ्त है। ऊपर पहुंचने के बाद आप भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा, जापानी मंदिर और वहां के शांत वातावरण का आनंद ले सकते हैं।