Bihar Weather Today : बिहार में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। पटना समेत अधिकांश हिस्सों के मौसम में बदलाव की संभावना है। राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है।
इन 4 जिलों में भीषण गर्मी के बीच राहत
मंगलवार यानी आज बिहार के 4 जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में एक-दो जगहों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज के साथ बारिश और आंधी की संभावना है।
मौसम में बदलाव को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 13 अप्रैल तक छिटपुट बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट के साथ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान है। सोमवार को पटना और आसपास के इलाकों में पूर्वी हवाएं चलने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। आंशिक बादल छाए रहे।
पश्चिम हिमालय के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। वहीं, दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में हवा का चक्रवाती परिसंचरण और कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
सोमवार को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान मधेपुरा में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान डेहरी में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से एडवाइजरी जारी करते हुए बताया गया कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें। बदलते मौसम पर नजर रखते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें।
बिजली चमकने और गरजने के दौरान पेड़ के पास न जाएं। तेज हवा चलने के दौरान खासकर नाव से यात्रा न करें। खेती को लेकर किसानों को कटी हुई फसलों की देखभाल करने पर जोर दिया गया है।
खलिहानों में पड़े अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की बात कही गई है। इस दौरान पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखना जरूरी है।
प्रमुख शहरों के तापमान में बढ़ोतरी
पिछले 24 घंटे में मौसम में आए बदलाव के कारण पटना समेत प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 3.1 डिग्री, सासाराम 2.2 डिग्री, बक्सर 3.6 डिग्री, भोजपुर 2.5 डिग्री, बेगुसराय पांच डिग्री, समस्तीपुर 3.2 डिग्री, गोपालगंज तीन डिग्री, जमुई 2.4 डिग्री, दरभंगा 2.4 डिग्री, सुपौल 1.9 डिग्री, मधेपुरा 3.3 डिग्री सेल्सियस गिर गया.