Train Timing : भारतीय रेलवे ने जम्मू और चंडीगढ़ हवाईअड्डों के बंद होने के कारण फंसे यात्रियों की मदद के लिए विशेष ट्रेनें शुरू की हैं। रेलवे परिचालन की समीक्षा करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएं।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में फंसे यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय करके नियमित रेलगाड़ियों के साथ-साथ आवश्यकतानुसार विशेष रेलगाड़ियों का भी उपयोग किया जाना चाहिए।
ट्रेन का शेड्यूल जानें
रेल मंत्री के निर्देश पर गुरुवार को जम्मू और उधमपुर से चार विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं। पहली विशेष रेलगाड़ी संख्या 04612 जम्मू स्टेशन से सुबह 10:45 बजे रवाना हुई, जिसमें 12 सामान्य और 12 आरक्षित सीट कोच थे।
इसके अलावा, 20 डिब्बों वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 12:45 बजे उधमपुर से रवाना हुई और जम्मू तथा पठानकोट होते हुए नई दिल्ली पहुंची।
22 एलएचबी कोच वाली एक अन्य विशेष रेलगाड़ी शाम 7 बजे जम्मू स्टेशन से रवाना की गई। इसके अलावा, एक अन्य वंदे भारत स्पेशल ट्रेन दोपहर 3.30 बजे जम्मू से रवाना हुई और शाम को नई दिल्ली स्टेशन पहुंची।





