School Holiday List April 2025 : अप्रैल 2025 में छात्रों और अभिभावकों के लिए ढेरों छुट्टियां हैं। अप्रैल में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। अप्रैल में स्कूल सिर्फ छुट्टियों के कारण 6 दिन बंद रहेंगे। इसमें वीकेंड की छुट्टियां शामिल नहीं हैं। कई धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों के कारण अप्रैल में स्कूल बंद रहेंगे। अप्रैल महीने में हिंदू, जैन और ईसाई धर्म से जुड़े प्रमुख त्योहार राम नवमी, महावीर जयंती और गुड फ्राइडे मनाए जाएंगे, जिसके कारण स्कूलों में छुट्टी रहेगी। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर राज्य का शिक्षा बोर्ड अपनी छुट्टियों की सूची अलग से तय करता है। इसलिए अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने राज्य या स्कूल की आधिकारिक छुट्टियों की सूची जरूर देखें।
अप्रैल 2025 के लिए प्रमुख स्कूल छुट्टियों की सूची
6 अप्रैल (रविवार) – राम नवमी
राम नवमी को भगवान श्री राम की जयंती के रूप में मनाया जाता है। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को भगवान राम का जन्म अयोध्या में हुआ था। इस दिन व्रत, मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और रामायण पाठ का आयोजन किया जाता है। देश के कई हिस्सों में शोभा यात्राएं भी निकाली जाती हैं। इस दिन स्कूलों में छुट्टी होती है।
10 अप्रैल (गुरुवार) – महावीर जयंती
जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती पूरे देश में विशेष श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। यह दिन जैन समुदाय के लिए सबसे बड़ा त्योहार है। इस दिन दान, तप, व्रत और जुलूस निकाले जाते हैं। भगवान महावीर ने अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य जैसे सिद्धांतों को अपनाने की शिक्षा दी। इस त्योहार पर भी अधिकांश स्कूल बंद रहते हैं।
11 अप्रैल (शुक्रवार) – महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती
समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मुख्य रूप से महाराष्ट्र में मनाई जाती है। उन्होंने जीवन भर महिलाओं की शिक्षा और दलित वर्ग के उत्थान के लिए संघर्ष किया। इस दिन कई स्कूल और सरकारी संस्थान बंद रहते हैं।
13 अप्रैल (रविवार) – बैसाखी
बैसाखी एक प्रमुख फसल उत्सव है जिसे विशेष रूप से पंजाब और उत्तर भारत में मनाया जाता है। सिख समुदाय के लिए भी यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि गुरु गोविंद सिंह जी ने 1699 में इसी दिन खालसा पंथ की स्थापना की थी। मेले, झांकियां और धार्मिक आयोजन इस दिन की खासियत हैं।
14 अप्रैल (सोमवार) – डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती
सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक के रूप में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे देश में मनाई जाती है। इस दिन स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रहती है।
18 अप्रैल (शुक्रवार) – गुड फ्राइडे
गुड फ्राइडे ईसाई समुदाय के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है, जब ईसा मसीह के बलिदान को याद किया जाता है। यह दिन शोक और आत्मनिरीक्षण का होता है। चर्चों में विशेष प्रार्थना और उपवास रखे जाते हैं। भारत के कई राज्यों में इस दिन सार्वजनिक अवकाश रहता है और स्कूल भी बंद रहते हैं।
29 अप्रैल (मंगलवार) – परशुराम जयंती
भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम की जयंती पर देश के कई हिस्सों में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होते हैं। इस दिन स्कूल भी बंद घोषित किए जा सकते हैं।
ऊपर बताई गई छुट्टियाँ आम तौर पर पूरे देश में मान्य होती हैं, लेकिन कुछ त्यौहार और छुट्टियाँ सिर्फ़ कुछ राज्यों तक ही सीमित हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, उगादी, गुड़ी पड़वा, बिहू जैसी क्षेत्रीय छुट्टियों की सूची राज्य सरकार द्वारा तय की जाती है। छात्रों और अभिभावकों को अपने स्कूल द्वारा जारी किए गए शैक्षणिक कैलेंडर की जाँच करनी चाहिए।