Ahmedabad- Mumbai Bullet Train : अहमदाबाद-मुंबई के बीच नहीं चलेगी जापानी बुलेट ट्रेन.

Ahmedabad- Mumbai Bullet Train : देश के पहले अति महत्वाकांक्षी अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन परियोजना) पर जापानी बुलेट ट्रेन की जगह स्वदेशी तकनीक से निर्मित सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। यह भारतीय रेलवे की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी, जो 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इससे पहले दावा किया जा चुका है कि बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद के बीच 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड कॉरिडोर के सूरत-बलिमोरा (50 किलोमीटर) खंड का काम अंतिम चरण में है और साल के अंत तक वंदे भारत का ट्रायल रन शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद 2027 तक आम जनता वंदे भारत (बैठकर) ट्रेन से यात्रा कर सकेगी। यहां आठ-आठ कोच वाली दो वंदे भारत ट्रेनें चलेंगी। अधिकतम गति 280 है, लेकिन यह 250 की गति से चलेगी।

क्या है कारण
जब अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड कॉरिडोर परियोजना के लिए समझौता हुआ था, तब जापान ने बुलेट ट्रेन की लागत 16 करोड़ रुपये प्रति कोच तय की थी, लेकिन पिछले साल जापान ने इसकी कीमत तीन गुना से भी ज़्यादा बढ़ा दी। आपूर्ति के समय जापान ने बुलेट ट्रेन के कोच की लागत बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये प्रति कोच कर दी। इस तरह 16 कोच वाली बुलेट ट्रेन 800 करोड़ रुपये की हो गई।

कहाँ कितनी गति से चलती है बुलेट ट्रेन
ट्रेनों की गति के मामले में दुनिया के कई देश भारत से बहुत आगे हैं। इनमें जापान सबसे आगे है। जापान के बाद चीन और फिर फ्रांस का स्थान है। जापान में बुलेट ट्रेन की गति 603 किलोमीटर प्रति घंटा और चीन में 600 किलोमीटर प्रति घंटा है। फ्रांस इन दोनों से बहुत पीछे है। यहाँ ट्रेन की अधिकतम गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके अलावा, दक्षिण कोरिया में भी ट्रेन 305 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलती है। आपको बता दें कि भारत में अहमदाबाद-मुंबई कॉरिडोर पर 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बुलेट ट्रेन चलाने का दावा किया गया है।

Leave a Comment