Haj Yatra 2025 Kids Not Allowed News : हज यात्रा 2025 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सऊदी सरकार ने नहीं दिया वीजा.

Haj Yatra 2025 Kids Not Allowed News  : हज यात्रा के नियमों में बदलाव का खामियाजा उत्तर प्रदेश के बच्चों को भुगतना पड़ेगा। इस साल हज यात्रा पर जाने की इच्छा रखने वाले 12 साल से कम उम्र के बच्चों को झटका लगा है। सऊदी अरब सरकार ने इस आयु वर्ग के बच्चों को वीजा जारी करने से मना कर दिया है, जिसके चलते देशभर से भेजे गए 291 बच्चों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के 18 बच्चे भी शामिल हैं। इन बच्चों को अब हज यात्रा पर नहीं ले जाया जा सकेगा।

राज्य हज समिति के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई की ओर से जारी सर्कुलर में बताया गया है कि सऊदी अरब सरकार ने हज-2025 के लिए 12 साल से कम उम्र के बच्चों को वीजा न देने का फैसला किया है। इसका असर देश के सभी राज्यों पर पड़ा है।

यूपी से रवाना होंगे 13,748 यात्री

इस बार उत्तर प्रदेश से 13,748 यात्री हज यात्रा पर रवाना होंगे। इनमें अलग-अलग जिलों के 18 बच्चे भी शामिल थे, जो इस प्रतिबंध के चलते हज यात्रा नहीं कर पाएंगे। हज यात्रियों के लिए उड़ानों का सिलसिला 29 अप्रैल से शुरू होगा। इससे पहले हज यात्रियों को 15 अप्रैल से दिमागी बुखार का टीका लगाने की तैयारी की जा रही है।

टीके उपलब्ध कराने के लिए हज कमेटी की ओर से सीएमओ को पत्र भेजा गया है। इस साल यूपी के हज यात्रियों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट और दिल्ली एयरपोर्ट से सऊदी अरब भेजा जाएगा। लखनऊ से हज यात्रा पर जाने वालों को राज्य हज कमेटी की ओर से सरोजनीनगर स्थित मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस में ठहरने की व्यवस्था की गई है। परिवारों का क्या होगा?

एसपी तिवारी ने बताया कि कवर नंबर में शामिल बाकी हज यात्री जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, अपनी यात्रा जारी रख सकते हैं। हालांकि, अगर कोई परिवार बच्चे की वजह से पूरी यात्रा रद्द करने का फैसला करता है तो वह 14 अप्रैल तक ऑनलाइन या हज सुविधा एप के जरिए यात्रा रद्द कर सकता है। ऐसा करने पर उन्हें कोई कैंसिलेशन फीस नहीं देनी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 14 अप्रैल के बाद यात्रा रद्द होने पर नियमानुसार शुल्क काटा जाएगा।

प्रतिबंध का कारण क्या है?

हालांकि सऊदी सरकार ने इस निर्णय के पीछे कोई विस्तृत कारण नहीं बताया है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण या स्वास्थ्य मानकों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया होगा। सऊदी सरकार द्वारा केवल बच्चों को वीजा जारी न करने को लेकर चर्चा गरमा गई है।

Leave a Comment