Ara Katra Train : अगर आप गर्मी की छुट्टियों में मां वैष्णो देवी के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। आरा से कटरा के लिए सीधी ट्रेन चलने जा रही है। आप जल्द ही इसमें रिजर्वेशन करा सकते हैं।
ट्रेन संख्या 03221/22 राजगीर-कटरा समर स्पेशल दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत 14 अप्रैल से 30 जून तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को दोपहर 2 बजे राजगीर से रवाना होकर 17.13 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी, 20 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी, अगले दिन 22.55 बजे जम्मू-तवी पहुंचेगी और बुधवार को दोपहर 1.30 बजे कटरा पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को शाम 4.30 बजे कटरा से रवाना होगी, शाम 6.10 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी अगले दिन सुबह 8 बजे दीनदयाल उपाध्याय, 10.30 बजे आरा, 11.50 बजे पटना होते हुए 15 बजे राजगीर पहुंचेगी।
राजगीर ऋषिकेश समर स्पेशल का रूट और समय
ट्रेन संख्या 03223/24 राजगीर ऋषिकेश समर स्पेशल 11 अप्रैल से 27 जून तक प्रत्येक शुक्रवार को राजगीर से सुबह 6.05 बजे रवाना होगी, जो 10.23 बजे आरा, 13.00 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय रुकते हुए अगले दिन शाम 6.35 बजे हरिद्वार होते हुए सुबह 8.30 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 18.00 बजे ऋषिकेश से रवाना होगी, जो 18.40 बजे हरिद्वार रुकते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय पहुंचेगी। अगले दिन दोपहर 13.00 बजे दीनदयाल उपाध्याय, 15.20 बजे आरा, 17.10 बजे पटना होते हुए 21.00 बजे राजगीर पहुंचेगी।
आरा-बलिया रेल लाइन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को आश्वस्त किया है कि आरा-बलिया रेल लाइन निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह जानकारी देते हुए वीरेंद्र सिंह मस्त ने दैनिक जागरण को बताया कि संसद ने इसके लिए बजट का प्रावधान कर दिया है।
पूर्व सांसद ने रेल मंत्री से बलिया-आरा नई रेल लाइन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत वार्ता के लिए रेल मंत्री ने उन्हें दिल्ली बुलाया है। इस संबंध में रेल मंत्री से मिलकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
पूर्व सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि आरा-बैरिया टू-लेन सड़क और महुली में गंगा नदी पर पक्का पुल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो गई है। अगले माह टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेरे विकास कार्यों के कई प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रियों के पास हैं। मैं उन्हें भी स्वीकृत कराकर विकास को मूर्त रूप दूंगा। मेरे राजनीतिक जीवन का एक ही सपना है, आरा बलिया का सर्वांगीण विकास। इसके लिए मैं लगातार प्रयासरत हूं और यह प्रयास जारी रहेगा।