Bihar Politics : राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद पीतांबर पासवान की पुत्रवधू प्रीति राज गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शॉल व गुलदस्ता भेंट कर प्रीति राज का स्वागत किया।
दिलीप जायसवाल ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि जनता व राष्ट्र के कल्याण के लिए सदैव समर्पित भाजपा परिवार के प्रति लोगों का विश्वास दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पार्टी में आस्था जताने वाले सभी लोगों का स्वागत है। जायसवाल ने प्रीति राज से यह भी कहा कि पार्टी में शामिल होकर वे राष्ट्र व बिहार के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। एक ओर जहां राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद की पुत्रवधू भाजपा में शामिल हुईं। वहीं दूसरी ओर गुरुवार को मंगल तालाब स्थित घसीटा कहार सभागार में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
भाजपा एक राजनीतिक संगठन के साथ-साथ सामाजिक संगठन भी है। कार्यकर्ता समाज कल्याण, संस्कृति उत्थान, राष्ट्रीय आपदा में काम करते हुए एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के कार्य में जुट जाते हैं। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कही।
कार्यकर्ता सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष, मंत्री हरि सहनी और मेयर सीता साहू भी शामिल हुए। मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही नतीजा है कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गयी है। मेयर ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। केंद्र की भाजपा सरकार ने देश हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने किया। सम्मेलन में प्रदेश भाजपा नेता मृत्युंजय झा, पूर्व विधान पार्षद आजाद गांधी, पूर्व उप मेयर रूप नारायण मेहता, बलराम मंडल, किरण शंकर ने भी राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।





