Yash Dayal Booked In Sexual Exploitation : इस साल की आईपीएल विजेता टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ गाजियाबाद में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। इंदिरापुरम की एक युवती ने क्रिकेटर यश दयाल पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया था। युवती ने 21 जून को मुख्यमंत्री पोर्टल पर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह पांच साल पहले सोशल मीडिया के जरिए क्रिकेटर के संपर्क में आई थी। बातचीत बढ़ने पर यश दयाल ने उसे शादी का लालच देकर उसका भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया।
महिला ने बताया था कि यश ने उसे अपने परिवार से बहू के तौर पर मिलवाया था। इससे वह उस पर पूरी तरह भरोसा करने लगी थी। महिला ने आगे आरोप लगाया कि जब उसने कथित धोखे के बारे में यश दयाल से बात की तो उसे शारीरिक हिंसा और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। यश ने उसे आर्थिक रूप से भी अपने ऊपर निर्भर बना लिया था।
महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि क्रिकेटर के दो-तीन अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। क्रिकेटर ने इसी तरह अन्य लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाया है। पीड़िता ने बताया कि उसने महिला हेल्पलाइन पर भी फोन किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था, उसके पास सबूत के तौर पर चैट, स्क्रीनशॉट, वीडियो कॉल और फोटो आदि हैं।
युवती ने कहा था कि वह पांच साल से एक क्रिकेटर के साथ रिलेशनशिप में थी। उसने शादी का झांसा देकर उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया। इस मामले में जांच के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। गौरतलब है कि यश दयाल इस महीने की शुरुआत में आरसीबी की ऐतिहासिक आईपीएल 2025 खिताब जीत का हिस्सा थे, उन्होंने 15 मैचों में 13 विकेट लिए थे। उन्होंने सभी घरेलू प्रारूपों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और अभी तक भारत के लिए नहीं खेले हैं।