Nitish Govt To Survey Palm Tree : बिहार में नीरा संवर्धन योजना के लिए ताड़ के पेड़ों का सर्वे, टैपरों का बनेगा डेटाबेस.

Nitish Govt To Survey Palm Tree : शराबबंदी वाले बिहार में अब नीतीश कुमार सरकार ताड़ के पेड़ों का सर्वे कराएगी। ताड़ के पेड़ से ताड़ी निकालने के लिए लगाए गए लबनी (टप्पर) की भी गिनती की जाएगी। साथ ही ताड़ के पेड़ के मालिकों का डाटाबेस भी तैयार किया जाएगा। ये सारी तैयारियां मुख्यमंत्री नीरा संवर्धन योजना के लिए की जा रही हैं। इस योजना की शुरुआत 15 अप्रैल से हो सकती है। सर्वे की निगरानी के लिए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने पांच वरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। ये अधिकारी जीविका और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर क्षेत्र का दौरा करेंगे और योजना की प्रगति से उत्पाद आयुक्त को नियमित रूप से अवगत कराएंगे।

जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत ताड़ के पेड़ में लगे लबनी (टप्पर) का भी सर्वे किया जाएगा और उसका डाटाबेस भी तैयार किया जाएगा। बिहार में नीरा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विभाग टप्पर के लिए लाइसेंस जारी करेगा। टप्पर और ताड़ के पेड़ों को जीविका स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने में अधिकारी अहम भूमिका निभाएंगे। सूत्रों का कहना है कि जीविका समूहों, पेड़ मालिकों, टप्पर और अन्य संबंधित लोगों के लिए प्रशिक्षण का भी आयोजन किया जाएगा।

विभाग नीरा के संग्रहण की भी व्यवस्था करेगा। योजना से जुड़े सभी हितधारकों के बैंक खाते संधारित किए जाएंगे। अधिकारियों को आवंटित जिलों में नीरा प्रोत्साहन योजना के सफल और सुचारू क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी जाएगी। मुख्यालय के अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान नीरा प्रोत्साहन योजना के प्रचार-प्रसार और लेखा-जोखा की भी व्यवस्था करेंगे। मद्य निषेध के संयुक्त आयुक्त कृष्ण कुमार को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले आवंटित किए गए हैं। मद्य निषेध विभाग में भागलपुर के सहायक आयुक्त प्रमोदित नारायण सिंह ने बताया कि राज्य में नीरा उत्पादन और इसकी बिक्री को बढ़ावा देने तथा किण्वित ताड़ के रस के उत्पादन और खपत को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से यह योजना लाई जा रही है।

Leave a Comment