Muzaffarpur Pink Bus : मुजफ्फरपुर की सड़कों पर दौड़ेंगी पिंक बसें, महिला यात्रियों को मिलेगी सुरक्षित यात्रा की सौगात.

Muzaffarpur Pink Bus : मुजफ्फरपुर जिले की महिलाओं के लिए खुशखबरी है! बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा मुजफ्फरपुर को आवंटित चार पिंक बसों में से तीन को परमिट मिल गया है और अब ये बसें सोमवार से सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। इन पिंक बसों के परिचालन से महिला यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। शहर की महिलाएं अब इन बसों में आराम से यात्रा कर सकेंगी। स्थानीय महिलाओं ने बिहार सरकार के इस प्रयास की सराहना की और इसे अच्छी पहल बताया। इस अवसर पर महिलाओं ने नीतीश सरकार की प्रशंसा की।

पिंक बसों का परिचालन

शुरुआत में इन पिंक बसों का परिचालन तीन अलग-अलग रूटों पर किया जाएगा। पहली बस मुजफ्फरपुर से पिपराही होते हुए शिवहर तक चलेगी, जबकि दूसरी बस मुजफ्फरपुर से साहेबगंज होते हुए केसरिया तक अपनी सेवा देगी। तीसरी पिंक बस मुजफ्फरपुर से चकिया तक महिला यात्रियों को सुरक्षित तरीके से पहुंचाएगी। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि पहले उन्हें धक्का-मुक्की करते हुए दूसरी बसों में सफर करना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा। अब वे पिंक बस में आराम से सफर कर सकेंगी।

महिलाओं की सुरक्षा

इन पिंक बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक बस में एक महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है, ताकि महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान आरामदायक और सुरक्षित माहौल मिल सके। इस पहल को महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस सेवा से खासकर छात्राओं, कामकाजी महिलाओं और दूरदराज के इलाकों में रहने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार की इस पहल से महिला संगठन भी खुश हैं। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है।

Leave a Comment