Bihar Tops In Free Medicine Distribution : बिहार का लगातार 11 महीने शीर्ष पर रहना (फ्री दवा वितरण में)

Bihar Tops In Free Medicine Distribution  : सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवाइयाँ उपलब्ध कराने में बिहार लगातार 11 महीनों से शीर्ष पर है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के डीवीडीएमएस सेंट्रल डैशबोर्ड द्वारा मासिक राज्य रैंकिंग में राज्य को यह खिताब मिला है।

राज्य स्वास्थ्य समिति के अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि अब सरकारी अस्पतालों में लोगों को दवाइयाँ आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

गंभीर बीमारियों के साथ-साथ सामान्य बीमारियों की दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के डीवीडीएमएस सेंट्रल डैशबोर्ड द्वारा हर महीने राज्यों को औसत अंक आधारित रैंकिंग दी जाती है।

यह रैंकिंग अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के आधार पर जारी की जाती है।

पिछले साल अक्टूबर में, बिहार ने 79.34 अंकों के साथ राजस्थान को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया था, जो मरीजों को दवाइयाँ उपलब्ध कराने में पहले स्थान पर था। तब से बिहार लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है।

इस महीने भी राजस्थान 77.89 अंकों के साथ दूसरे और पंजाब 73.28 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। जबकि बिहार 82.13 अंकों के साथ फिर से पहले स्थान पर है।

आपको बता दें कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में मरीजों को कुल 611 प्रकार की दवाइयाँ दी जाती हैं।

पटना में 22 सितंबर को होगी रेड रिबन प्रतियोगिता

राज्य के युवाओं को एड्स और एचआईवी जैसे संक्रमणों के प्रति जागरूक करने के लिए 22 सितंबर को पटना में रेड रिबन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने रविवार को दी।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एड्स और प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने और उनके उपचार के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवाओं और आम जनता को जागरूक करने के लिए समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाता है।

इसी कड़ी में 22 सितंबर को पटना के बापू टावर सभागार में क्षेत्रीय रेड रिबन क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन एड्स नियंत्रण संगठन भारत सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है। देश भर में चार क्षेत्रीय स्तरों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

बिहार में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में नौ राज्यों के छात्र भाग लेंगे। बिहार के अलावा, इन राज्यों में झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, दादरा-नागर हवेली और दमन-दीव शामिल हैं।

इन राज्यों से चयनित छात्र दल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में एड्स और यौन संचारित रोगों पर अपना ज्ञान साझा करेंगे। मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता 31 अक्टूबर को नागालैंड में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की रेड रिबन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

Leave a Comment