Bihar Bhumi Survey : राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने भूमि सर्वेक्षण के प्रथम चरण को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। शनिवार को पटना में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रथम चरण के सर्वेक्षण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की।
प्रथम चरण की प्रगति
प्रथम चरण में राज्य के 20 जिलों के 89 अंचलों के 5657 गांवों में भूमि सर्वेक्षण चल रहा है। समीक्षा बैठक में सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारी शामिल हुए।
इसमें विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, सचिव जय सिंह और निदेशक भू-अभिलेख एवं परिमाप कमलेश कुमार सिंह भी मौजूद थे। अपर मुख्य सचिव और सचिव ने प्रत्येक जिले के बंदोबस्त पदाधिकारियों की सहमति से उनके लिए लक्ष्य निर्धारित किया।
मुख्यालय द्वारा निगरानी
सरावगी ने कहा कि सभी पदाधिकारी विशेष सर्वेक्षण शिविरों के कार्यों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें और किसानों को हो रही समस्याओं को दूर करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य की निगरानी मुख्यालय में पदाधिकारियों की टीम कर रही है। यह टीम क्षेत्र में हो रही समस्याओं को दूर कर रही है।
विशेष सर्वेक्षण के दूसरे चरण के जिलों में स्वघोषणा पत्र और वंशावली जमा करने में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में किसानों द्वारा स्वघोषणा पत्र और वंशावली जमा करने में विलंब हो रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसानों के बीच जाएं और उन्हें जागरूक करें तथा गति बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्यक्रम में किसी भी अधिकारी/कर्मी के खिलाफ कोई गंभीर शिकायत मिली तो निश्चित रूप से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुविधाओं में सुधार अपर मुख्य सचिव ने कहा कि विशेष सर्वेक्षण के दौरान किसानों की सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।
सर्वेक्षण कार्य में लगे अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे नियमित रूप से उनके साथ बैठक कर निचले कर्मचारियों तक सभी निर्देशों को पहुंचाएं। सचिव जय सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी एक सप्ताह में शिविरों का निरीक्षण सुनिश्चित करें। इससे किसानों की समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।