Auraiya Crime News : यूपी के औरैया में शादी के 15वें दिन पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। मेरठ में 3 मार्च को सौरभ की हत्या के बाद हुई औरैया की इस घटना ने लोगों को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है। एक के बाद एक हत्या और रिश्तों की क्रूरता के उदाहरणों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मेरठ की मुस्कान रस्तोगी की तरह औरैया की प्रगति यादव ने भी पति की हत्या में प्रेमी का साथ लिया। बताया जा रहा है कि प्रेमी से शादी की जिद में प्रगति ने अपनी नस तक काट ली। इसके बाद भी घरवालों ने जबरन उसकी शादी अपनी बहन के देवर से करवा दी। शादी तय होने के बाद से ही प्रगति पति की हत्या की प्लानिंग कर रही थी। उसने मुंह दिखाई में मिले पैसों और जेवर से 2 लाख रुपए का इंतजाम कर हत्या की सुपारी ली। प्रेमी के जरिए शूटर का इंतजाम कर शादी के 15वें दिन पति की हत्या करवा दी। पति की हत्या से पहले और बाद में प्रगति प्रेमी से बात करती रही और भविष्य की प्लानिंग बनाती रही।
प्रगति और दिलीप की शादी 5 मार्च को हुई थी। 19 मार्च को प्रगति के पति दिलीप को गोली मार दी गई थी। 2 दिन बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। औरैया पुलिस ने सोमवार को इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक दिलीप की हत्या की साजिश उसकी पत्नी प्रगति ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। प्रगति को तोहफे में मिले पैसों से शूटर हायर किए गए थे। उसने 2 लाख रुपये की सुपारी दी थी। उसने एक लाख रुपये एडवांस भी दिए थे। खुलासे के साथ ही पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी अनुराग और एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। मेरठ में सौरभ हत्याकांड के बाद कोर्ट में पेशी के दौरान वकीलों ने आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर हमला कर मारपीट की थी। इसे देखते हुए औरैया पुलिस सतर्क है। कोर्ट में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
घटना वाले दिन भी वह आरोपियों से फोन पर संपर्क में थी। पति की मौत के बाद उसके चेहरे पर कोई चिंता के भाव नहीं थे। वहीं, प्रगति के घरवालों को उसके और अनुराग के रिश्ते के बारे में पता था। इसके बावजूद उन्होंने अनुराग की शादी प्रगति से न कराकर दिलीप से करा दी।
दिलीप प्रगति की बहन का देवर था। दिलीप का पारिवारिक कारोबार था और उसकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी थी। प्रगति अनुराग से शादी करना चाहती थी। शादी की जिद में उसने अपनी नस भी काट ली थी। तब तक दिलीप इस रिश्ते में नहीं था। इसके बाद जब घरवालों ने दिलीप के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो प्रगति के दिमाग में साजिश पनपने लगी। उसने सोचा कि शादी के बाद वह अपने पति की हत्या कराकर उसकी संपत्ति हड़प लेगी। अनुराग के साथ अवैध संबंध बना लेगी। इसी सोच के साथ उसने खौफनाक साजिश रची और प्रेमी के साथ मिलकर उसे अंजाम दे दिया।





