Honda Dio 125 Launched in India : जापानी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा भारतीय बाजार में कई सेगमेंट में स्कूटर और बाइक बेचती है। कंपनी ने 16 अप्रैल 2025 को 2025 होंडा डियो 125 स्कूटर को औपचारिक रूप से लॉन्च कर दिया है। इसमें कितना दमदार इंजन और क्या-क्या खूबियां हैं? इसे किस तरह के बदलावों के साथ लॉन्च किया गया है? स्कूटर को किस कीमत पर खरीदा जा सकता है? इसकी जानकारी हम आपको इस खबर में दे रहे हैं।
2025 होंडा डियो 125 स्कूटर लॉन्च
होंडा ने 125 सीसी सेगमेंट में पेश किए गए डियो स्कूटर को अपडेट कर दिया है। अपडेट के साथ इसमें कई बदलाव किए गए हैं और इंजन नए मानकों के अनुसार दिया जा रहा है।
ये बदलाव किए गए हैं
निर्माता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2025 होंडा डियो 125 स्कूटर में अब OBD2B कंप्लायंट इंजन दिया गया है। इसके अलावा स्कूटर को नए ग्राफिक्स के साथ लाया गया है। इसके कुछ फीचर्स को भी अपडेट किया गया है।
इंजन कितना दमदार है
2025 होंडा डियो 125 स्कूटर में निर्माता कंपनी ने 123.92 सीसी क्षमता का सिंगल सिलेंडर पीजीएम-एफआई तकनीक वाला इंजन दिया है। यह इंजन अब OBD2B कंप्लायंट होगा। इस इंजन के साथ स्कूटर को 6.11 किलोवाट की पावर और 10.5 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलेगा। इसके साथ ही इसमें स्टार्ट/स्टॉप तकनीक भी दी गई है, जो माइलेज को बेहतर बनाएगी।
कैसे हैं फीचर्स
होंडा के डियो स्कूटर के 2025 वर्जन में कई बेहतरीन फीचर्स पेश किए गए हैं। इसमें नया 4.2 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। जिसमें ट्रिप मीटर, डिस्टेंस टू एम्प्टी जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ ही इसमें होंडा का रोड सिंक ऐप, स्मार्ट की, टाइप सी चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है।
क्या है कीमत
2025 होंडा डियो 125 स्कूटर को दो वेरिएंट में पेश किया जा रहा है। इसमें DLX को बेस वेरिएंट के तौर पर पेश किया गया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 96749 रुपये रखी गई है। H-Smart को इसके टॉप वेरिएंट के तौर पर पेश किया गया है। इस वेरिएंट के साथ स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1.02 लाख रुपये रखी गई है। यह एक्स-शोरूम कीमत पुणे शहर के लिए है।
कौन है प्रतिस्पर्धी
होंडा डियो 125 को 125 सीसी स्कूटर सेगमेंट में पेश करती है। इस सेगमेंट में इसका सीधा मुकाबला होंडा एक्टिवा 125, सुजुकी एक्सेस 125, यामाहा फसिनो 125, टीवीएस जुपिटर 125 जैसे स्कूटर से है।