Bihar School New Timings : बिहार में बढ़ती गर्मी के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब स्कूल सुबह 6.30 बजे से संचालित होंगे। बच्चों की छुट्टी 12:30 बजे से पहले कर दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। सरकारी स्कूलों में नया टाइम टेबल 7 अप्रैल से 1 जून तक लागू रहेगा।
शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा कार्यालय ने शुक्रवार को सरकारी स्कूलों का बिल्कुल नया टाइम टेबल जारी कर दिया। इसमें स्कूल खुलने का समय सुबह 6.30 बजे तय किया गया है। प्रार्थना के बाद पहला पीरियड सुबह 7 बजे से शुरू होगा। फिर 9 बजे से 40 मिनट का अवकाश होगा। कुल 6 पीरियड के बाद दोपहर 12:20 बजे छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी। वहीं, शिक्षकों की छुट्टी 12.30 बजे के बाद होगी।
बता दें कि बिहार में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। दक्षिण बिहार में पिछले कुछ दिनों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया था। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के साथ लू चलने की भी संभावना है। ऐसे में शिक्षक संघ और अभिभावक लगातार स्कूल के समय में बदलाव की मांग कर रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। हालांकि, सुबह 6.30 बजे स्कूल खुलने से बच्चों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।





