Darbhanga Airport : दरभंगा एयरपोर्ट से शुक्रवार से अकासा की उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी। इसके लिए अकासा एयरलाइंस की ओर से एयरपोर्ट पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अकासा की फ्लाइट क्यूपी 1405 सुबह 9 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से दरभंगा के लिए उड़ान भरेगी।
हवाई मार्ग पर एक घंटा 55 मिनट बिताने के बाद फ्लाइट 10:55 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेगी। यह विमान एयरपोर्ट पर 35 मिनट तक रुकेगा। इसके बाद 11:30 बजे दरभंगा से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। दोपहर 1:25 बजे यह दिल्ली पहुंचेगा।
दरभंगा एयरपोर्ट के निदेशक नवीद नाजिम ने बताया कि अकासा एयरलाइंस के अधिकारियों ने अपनी ओर से सभी तरह की तैयारियां कर ली हैं। हमने एयरपोर्ट से जुड़ी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। विमान सुबह 11:30 बजे दरभंगा से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा।
हवाई यात्री उत्साहित हैं
आपको बता दें कि उड़ान योजना के तहत 8 नवंबर 2020 को दरभंगा एयरपोर्ट की शुरुआत की गई थी। सबसे पहले स्पाइसजेट ने दरभंगा से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए अपनी सेवा शुरू की।
इसके बाद इंडिगो एयरलाइंस ने हैदराबाद और कोलकाता के बीच उड़ान शुरू की। यहां से अलग-अलग शहरों के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों का रुझान बढ़ता चला गया। बड़ी संख्या में लोग हवाई यात्रा करने के लिए दिल्ली और मुंबई पहुंचते हैं।
इन दोनों व्यस्ततम दिनों में स्पाइसजेट कंपनी की एक फ्लाइट उड़ान भर रही थी, लेकिन फ्लाइट को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। फ्लाइट के देरी से पहुंचने, अचानक फ्लाइट रद्द होने की घोषणा के कारण यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करते हुए एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा।
यह स्थिति सबसे ज्यादा दिल्ली और मुंबई हवाई रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ देखने को मिली। इसे देखते हुए एक दिसंबर 2024 को इंडिगो ने दरभंगा और मुंबई हवाई रूट पर एक-एक विमान की सेवा शुरू की। मुंबई के लिए सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट शुरू हो गई है।
12 दिसंबर 2024 को दरभंगा और दिल्ली के बीच इंडिगो का एक विमान और जुड़ गया। जो रोजाना उड़ान भर रहा है। अब दरभंगा और दिल्ली के बीच अकासा एयरलाइंस ने अपनी एंट्री कर ली है। इससे पड़ोसी देश नेपाल समेत पूरे मिथिला क्षेत्र के लोग जो दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करते हैं, उत्साहित हैं। कंपनी और फ्लाइट का आगमन और प्रस्थान समय सारणी
स्पाइसजेट
मुंबई से दरभंगा सुबह 9 बजे
दरभंगा से मुंबई सुबह 9:30 बजे
दिल्ली से दरभंगा दोपहर 12:15 बजे
दरभंगा से दिल्ली दोपहर 12:50 बजे
अकासा
दिल्ली से दरभंगा सुबह 10:55 बजे
दरभंगा से दिल्ली सुबह 11:30 बजे
इंडिगो
कोलकाता से दरभंगा सुबह 11:55 बजे
दरभंगा से कोलकाता दोपहर 12:25 बजे
हैदराबाद से दरभंगा दोपहर 2:20 बजे
दरभंगा से हैदराबाद दोपहर 3 बजे
दिल्ली से दरभंगा शाम 4 बजे
दरभंगा से दिल्ली शाम 4:35 बजे
10 फ्लाइट संचालित
गुरुवार को दरभंगा एयरपोर्ट से 10 फ्लाइट संचालित हुईं। सभी फ्लाइट समय से पहले पहुंचीं। जानकारी के अनुसार, मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 115 अपने तय समय 9 बजे पहुंच गई। कोलकाता से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E7234 अपने तय समय 11:55 बजे से आठ मिनट पहले पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 475 अपने तय समय 12:15 बजे से 33 मिनट पहले पहुंच गई। हैदराबाद से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E537 अपने तय समय 2:20 बजे से 15 मिनट पहले पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E360 अपने तय समय 4 बजे पहुंच गई।