Hindon Airport To Bhubaneswar : हिंडन एयरपोर्ट से भुवनेश्वर के लिए सीधी उड़ान शुरू, यात्रियों को मिली राहत.

Hindon Airport To Bhubaneswar : गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से रविवार को भुवनेश्वर के लिए भी फ्लाइट शुरू हो गई। इसके साथ ही हिंडन 12 शहरों से जुड़ गया। पहले दिन करीब 80 फीसदी यात्रियों ने सफर किया। भुवनेश्वर से पहुंचे यात्रियों ने फ्लाइट शुरू होने को काफी सुविधाजनक बताया। पहले दिन फ्लाइट समय से पहले हिंडन एयरपोर्ट पहुंच गई।

सुबह 9:20 बजे हिंडन एयरपोर्ट से फ्लाइट भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई। इस दौरान यात्रियों में काफी उत्साह देखने को मिला। भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों में कामकाजी लोगों के साथ ही धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी शामिल थे। 180 सीटर विमान में 80 फीसदी यात्री सवार थे। वापसी की यात्रा भुवनेश्वर से दोपहर 12:15 बजे शुरू हुई। फ्लाइट को दोपहर 2:30 बजे हिंडन पहुंचना था, लेकिन पहली उड़ान समय से 10 मिनट पहले पूरी हो गई

यात्रियों ने जताई खुशी : राजनगर निवासी लक्ष्मीधर ने बताया कि वह जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए गए थे। एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि हिंडन के लिए फ्लाइट है। इससे घर लौटने में समय और पैसा दोनों की बचत हुई। उत्तराखंड निवासी किरण जोशी ने बताया कि वह भुवनेश्वर में रिश्तेदार के घर गई थीं। दिल्ली उतरने के बाद उत्तराखंड पहुंचने में समय लगता है। यहां से घर जाने में पैसा और समय दोनों की बचत हुई। हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक उमेश यादव ने बताया कि हिंडन एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ाने के प्रयास जारी हैं। इसके तहत रविवार को भुवनेश्वर के लिए भी फ्लाइट शुरू की गई। पहले दिन विमान समय पर पहुंचा। यात्रियों की सुविधा के लिए आने वाले दिनों में नए शहरों को जोड़ने के साथ ही यात्री सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी।

Leave a Comment