Mid Day Meal In Mokama : मोकामा प्रखंड के मेकरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शुक्रवार को मिड डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। सभी को चक्कर, उल्टी, पेट में ऐंठन की शिकायत थी।
बच्चों ने परिजनों को बताया कि मिड डे मील में परोसी गई सब्जी में सांप गिर गया है। इसकी जानकारी उन्होंने शिक्षकों और रसोइयों को दी, लेकिन उन्होंने डांटकर खाना खाने को मजबूर कर दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और हंगामा करने लगे।
हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। साथ ही बच्चों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज कर रहे डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है।
स्कूल में पांच सौ बच्चे थे,
चार सौ ने खाया था खाना दोपहर में जब स्कूल में मिड डे मील परोसा जा रहा था, तो कुछ बच्चों ने देखा कि सब्जी में सांप पड़ा है। इसकी जानकारी उन्होंने शिक्षकों और रसोइयों को दी। शिक्षकों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और रसोइया ने सांप को निकालकर बोरे में डाल दिया। इसके बाद सभी को यही खाना परोसा गया।
स्कूल में करीब पांच सौ बच्चे थे, लेकिन सौ ने खाना खाने से इनकार कर दिया। जिन बच्चों ने खाना खाया था, वे घर पहुंचने के बाद उल्टी, चक्कर और पेट दर्द करने लगे। इसके बाद बच्चों ने खाने में सांप होने की जानकारी अपने परिजनों को दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल के सामने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही शिक्षक और स्कूल का अन्य स्टाफ स्कूल में ताला लगाकर चला गया। करीब पचास बच्चों को करीब चार घंटे तक अस्पताल में रखकर इलाज किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चे अब स्वस्थ हैं।