Free Travel For Women In Bihar : बिहार की चुनिंदा सरकारी बसों में 9 अगस्त को महिलाओं और लड़कियों के लिए यात्रा मुफ्त रहेगी। नीतीश सरकार ने रक्षाबंधन के मौके पर बहनों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया है। यह फैसला बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की सिटी बसों और विभिन्न शहरों में चलने वाली पिंक बसों में लागू होगा। राखी के त्योहार पर महिलाएं बीएसआरटीसी की सिटी बसों में बिना पैसे दिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी, हालांकि पुरुष यात्रियों को टिकट खरीदना होगा।
इस संबंध में जानकारी गुरुवार को बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम ने दी। निगम के अनुसार, यह सुविधा रक्षाबंधन के दिन राज्य भर में चलने वाली सरकारी सिटी बसों में लागू रहेगी। इसके अलावा, नई पिंक बसों में भी महिलाओं को एक दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह नियम 9 अगस्त को सुबह 6 बजे से देर शाम तक लागू रहेगा। सरकारी बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से टिकट नहीं लिया जाएगा।
आपको बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा का तोहफा देना एक चलन बन गया है। पिछले वर्षों में भी राज्य सरकार ने राखी के अवसर पर सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की थी। इस वर्ष बिहार के अलावा कई अन्य राज्यों में भी ऐसा ही निर्णय लागू किया गया है। हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, भोपाल, इंदौर जैसी जगहों पर भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।





