Census to begin from April 1 : 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी बहुप्रतीक्षित जनगणना, इस बार डिजिटल तरीके से जुटेगा हर घर का डेटा.

 Census to begin from April 1 : बहुप्रतीक्षित जनगणना प्रक्रिया शुरू होने की तिथि घोषित कर दी गई है। इस बार जनगणना दो चरणों में होनी है। भारत के महापंजीयक ने बताया कि इसका पहला चरण अगले साल एक अप्रैल से शुरू होगा। इस चरण में लोगों के घरों में मौजूद वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व अन्य सुख-सुविधाओं की सूची तैयार की जाएगी। इसके लिए जनगणना आयुक्त व भारत के महापंजीयक ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। बता दें कि इस बार जनगणना मोबाइल एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी।

पहले चरण में जनगणना की सूची बनाई जाएगी। इसमें लोगों की आवासीय स्थिति, संपत्ति व सुख-सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी। जनगणना के दूसरे चरण में घर में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक व अन्य जानकारी जुटाई जाएगी। इसे जनसंख्या गणना (पीई) कहा जाएगा।

राज्यों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा गया है कि पर्यवेक्षकों व अन्य जनगणना अधिकारियों व कर्मियों का काम तय तिथि से पहले बांट दिया जाए। यह काम जिला स्तर पर किया जाएगा। सरकार ने बताया कि इस बार जनगणना में जातिगत जानकारी भी दर्ज की जाएगी। जनगणना कार्य के लिए 34 लाख सर्वेक्षक और पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। ये लोग फील्ड वर्क करेंगे। इसके अलावा 30 हजार जनगणना अधिकारी तैनात किए जाएंगे। ये अधिकारी जनगणना के दौरान मिली जानकारी का डेटा तैयार करेंगे। इसके बाद इस जानकारी को डिजिटल किया जाएगा।

क्या पूछा जाएगा

रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त कार्यालय ने करीब तीन दर्जन सवाल तैयार किए हैं जो जनगणना के दौरान लोगों से पूछे जाएंगे। इस सर्वे में हर व्यक्ति से फोन, इंटरनेट, वैन, रेडियो, टीवी, फ्रिज से जुड़ी जानकारी मांगी जाएगी। इसके अलावा लोगों से यह भी पूछा जाएगा कि वे कौन सा अनाज खाते हैं और पीने के पानी का स्रोत क्या है। लोगों से शौचालय, पानी की निकासी, नहाने और रसोई से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी। लोगों को एलपीजी या पीएनजी कनेक्शन के बारे में भी जानकारी देनी होगी।

जानकारी के मुताबिक लोगों से यह भी पूछा जाएगा कि उन्होंने छत, दीवारों और फर्श पर क्या सामग्री इस्तेमाल की है। घर में कितने लोग रहते हैं। घर में कितने कमरे हैं। घर में कितने विवाहित जोड़े हैं। घर का मुखिया महिला है या पुरुष। जनगणना का अंतिम चरण 1 मार्च 2027 तक पूरा होना है। अधिसूचना जारी होने के बाद से ही एजेंसियों ने तैयारी शुरू कर दी है। भारत में हर 10 साल में जनगणना होती है। हालांकि, इस बार कोरोना के कारण जनगणना में देरी हुई है।

Leave a Comment