16 New Kendriya Vidyalayas : बिहार में खुलेंगे 16 नए केंद्रीय विद्यालय, राज्य में केवी की संख्या बढ़कर होगी 69.

16 New Kendriya Vidyalayas  : बिहार में 16 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। नए केंद्रीय विद्यालय खुलने के बाद राज्य में केवी की संख्या बढ़कर 69 हो जाएगी। पटना समेत 14 जिलों में नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टर से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन उपलब्ध कराने का ब्योरा मांगा गया है। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर समेत अन्य शहरों में नए स्कूल खोलने की योजना है।

जानकारी के मुताबिक पटना और नालंदा जिले में दो-दो केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। वहीं, मुंगेर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, गया, भागलपुर, कैमूर, मधेपुरा, मधुबनी, शेखपुरा, दरभंगा और अरवल में एक-एक नया केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद प्रस्तावित जमीनों का प्रस्ताव बनाकर आगे का काम शुरू होगा।

केंद्रीय विद्यालय केंद्र सरकार द्वारा संचालित होते हैं। ये केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध हैं। इनका प्रबंधन केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) द्वारा किया जाता है। वैसे तो ये स्कूल केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बच्चों के लिए खोले गए थे, लेकिन इनमें दूसरे लोगों के बच्चे भी पढ़ते हैं। देश में 1250 से ज़्यादा केंद्रीय विद्यालय हैं। इनमें से 53 स्कूल बिहार में हैं। अब सरकार 16 और केंद्रीय विद्यालय खोलने जा रही है, जिसके बाद बिहार में इनकी संख्या बढ़कर 69 हो जाएगी।

Leave a Comment