Asia Cup 2025 In Rajgir : चुनावी साल में बिहार को एक और बड़ी सौगात मिली है। यह खबर खेल जगत के लिए काफी अहम है। बिहार के राजगीर शहर में हॉकी एशिया कप का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए। राजगीर अब 2025 हॉकी एशिया कप के लिए पूरी तरह तैयार है। आपको बता दें कि यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस स्टेडियम को हाल ही में विकसित किया गया है। नवंबर 2024 में सफल महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के बाद राजगीर द्वारा आयोजित यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होगा। महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत विजयी रहा था। हॉकी एशिया कप में भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन और मलेशिया समेत आठ टीमें हिस्सा लेंगी। बाकी दो टीमें क्वालीफाइंग टूर्नामेंट एएचएफ कप के जरिए अपनी जगह पक्की करेंगी। किस टीम ने कितनी बार हॉकी एशिया कप जीता?
दक्षिण कोरिया – 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022
भारत – 2003, 2007 और 2017
पाकिस्तान – 1982, 1985 और 1989
बिहार के लिए यह टूर्नामेंट क्यों महत्वपूर्ण होगा?
बिहार खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी राजेंद्र ने राजगीर में इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा, “हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर बिहार के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे बिहार भी खेल हब बनने की ओर अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करना हमारे राज्य के लिए गौरव का क्षण है और हम टूर्नामेंट को बेहतर तरीके से आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम एशिया भर से शीर्ष टीमों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, यह आयोजन न केवल अंतरराष्ट्रीय खेलों में बिहार का कद बढ़ाएगा बल्कि इस क्षेत्र में हॉकी खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को भी प्रेरित करेगा। मैं हॉकी इंडिया और एशियाई हॉकी महासंघ को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं और हम एक विश्व स्तरीय टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए उत्साहित हैं।
एशियाई हॉकी महासंघ के अध्यक्ष दातो फुमियो ओगुरा ने कहा, “भारत हमेशा से हमारे महाद्वीप में हॉकी के विकास में एक प्रमुख स्तंभ रहा है और राजगीर को मेजबान शहर के रूप में चुनना पारंपरिक केंद्रों से परे खेल का विस्तार करने की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बिहार में नया बुनियादी ढांचा और जोशीली हॉकी संस्कृति एक शानदार टूर्नामेंट सुनिश्चित करेगी।
‘मैं बिहार सरकार को धन्यवाद देता हूं…’
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, “राजगीर में हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 की मेजबानी भारतीय हॉकी के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम है। स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों का है और मुझे विश्वास है कि यह खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए एक रोमांचक माहौल प्रदान करेगा। मैं हॉकी को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार को धन्यवाद देता हूं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “हम एशिया कप को राजगीर में लाकर रोमांचित हैं। यह टूर्नामेंट न केवल एशियाई हॉकी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा बल्कि भारत और क्षेत्र में खेल को बढ़ावा भी देगा। बिहार में हॉकी के प्रति उत्साह और जुनून बढ़ रहा है और यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा। हम एक सफल टूर्नामेंट की उम्मीद करते हैं और स्थानीय अधिकारियों को उनके अपार समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं।”





